बिलासपुर। संयुक्त संचालक शिक्षा सम्भाग बिलासपुर द्वारा आदेश क्रमांक 3226 दिनांक 4/11/2022 को पत्र जारी कर शिक्षक व प्रधानपाठक पूर्व माध्यमिक शाला पदोन्नति हेतु 1/11/2022 की स्थिति में निर्धारित प्रपत्र में जानकारी मंगाया गया है।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी बसंत चतुर्वेदी, सारंगढ़ – बिलाईगढ़ जिलाध्यक्ष डोलामणी मालाकर ने श्री आर एन हिराधर जी संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर, सहायक संचालक श्री विनोद शुक्ला जी, स्थापना प्रभारी श्री विकास तिवारी जी को पत्र लिखकर सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के तहत 1/11/2022 की स्थिति में मंगाए गए प्रपत्र में नियुक्ति के आदेश क्रमांक व सरल क्रमांक का कालम जोड़ने की मांग की है।
ज्ञात हो कि शिक्षक व प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला के पदों पर पदोन्नति की तैयारी हेतु संयुक्त संचालक शिक्षा सम्भाग बिलासपुर द्वारा त्रुटि रहित वरिष्ठता सूची तैयार करने संकुल समन्वयक की जिम्मेदारी तय करते हुए निर्धारित प्रपत्र में जानकारी संकलित किया जा रहा है।
वर्तमान में शिक्षक व मिडिल एचएम की पदोन्नति पर माननीय उच्च न्यायालय से रोक है पर आगामी दिनों निर्णय की संभावना के मद्देनजर वरिष्ठता सूची की तैयारी की जा रही है।