नई दिल्ली/कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2018 के लिए आज मतदान संपन्न हो गया है। इस चुनाव में कांग्रेस के सिद्धारमैया और भाजपा के सीएम प्रत्याशी समेत कई बड़े नेताओं का भविष्य ईवीएम मशीनों में कैद हो गया है।
इसके साथ ही विभिन्न चैनलों पर एक्जिट पोल को लेकर बिसात भी बिछ गई है। हर चैनल एक्जिट पोल को सबसे तेज दिखाने के लिए तैयार बैठा है। इसके लिए आंकड़े ही नहीं, सियासी विशेषज्ञों का पूरा पैनल भी बैठ गया है।
इंडिया टुडे-एक्सिस के एक्जिट पोल की मानें तो कांग्रेस की कर्नाटक की सत्ता में वापसी होती नजर आ रही है। यहां कांग्रेस को 106 से 118 सीटें मिल सकती हैं। वहीं भाजपा को 79 से 92 तक सीटों से संतोष करना पड़ेगा। जेडीएस को 22-30 सीटें मिलने का अनुमान है।
इंडिया टीवा-VMR के एग्जिट पोल के मुताबिक कर्नाटक में खिचड़ी सरकार बनती नजर आ रही है। हालांकि कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उबरी है। कांग्रेस को जहां 97 सीटें मिल रही हैं। वहीं, भाजपा को 87 और जेडीएस को 35 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
टाइम्स नाऊ-वीएमआर के एग्जिट पोल में भी हैंग एसेंबली की ओर इशारा किया गया है। भाजपा को जहां 80-93, कांग्रेस को 90-103 और जेडीएस को 31-39 सीटें मिलने की संभावना दिखाई दे रही है।
रिपब्लिक-जन की बात के एग्जिट पोल में तो भाजपा सत्ता में आती दिखाई दे रही है। यहां कांग्रेस को सिर्फ 73 से 82 सीटें ही मिली हैं, वहीं भाजपा को 95 से 114 सीटें मिल सकती है। जेडीएस को 32-43 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।