बदलेगा मौसम का मिजाज: दिल्ली-NCR में आज आ सकता है तूफान

0
354

दिल्ली  भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को चेतावनी दी कि दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में रविवार को तूफान आ सकता है। वहीं, राजस्थान के कई हिस्सों में अगले दो दिनों में धूल भरी आंधी चल सकती है।
रविवार से शुरू हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम का मिजाज बदलेगा। इसकी वजह से पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तूफान आने की संभावना है। इसका उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी असर पड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ भूमध्यसागर से उत्पन्न होता है, जिससे देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में अचानक बारिश होती है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, तेलंगाना, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक क्षेत्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और केरल के दूर-दराज क्षेत्रों में तूफान और तेज आंधी आने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और राजस्थान के एक या दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है।
*पूर्वोत्तर राज्य भी प्रभावित होंगे*
मौसम विभाग ने बताया है कि असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में 50-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। गौरतलब है कि मई के पहले सप्ताह में उत्तरी भारत के कई राज्यों में आए तूफान और आंधी की वजह से 120 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
पंजाब के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी
पंजाब के कुछ हिस्सों में शनिवार को धूल भरी आंधी आई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। चंडीगढ़ और इसके पड़ोसी क्षेत्रों में बारिश हुई। लुधियाना और फगवाड़ा में धूल भरी आंधी आई, जिसके बाद बारिश हुई। दोपहर के समय कुछ जगहों पर आंधी की वजह से बिल्कुल अंधेरा छा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.